Delhi Politics: सरकारी योजनाओं को लेकर सियासी रार, बीजेपी नेत्री बांसुरी स्वराज ने केजरीवाल को दी ये बड़ी चुनौती

बीएस राय: भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा घोषित ‘पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना’ को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले ‘तुष्टिकरण’ का कदम बताया।
नई दिल्ली की सांसद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल को महिला सम्मान योजना सहित उनके द्वारा घोषित योजनाओं को लागू करने की चुनौती दी और कहा कि कोई आदर्श आचार संहिता लागू नहीं है।
केजरीवाल ने सोमवार को फरवरी में आप के सत्ता में लौटने के बाद सभी हिंदू मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों के ग्रंथियों के लिए 18,000 रुपये मासिक मानदेय की घोषणा की।
बांसुरी ने कहा कि आप सरकार फंड की कमी के कारण महीनों से मस्जिदों के इमामों को 18,000 रुपये का भुगतान नहीं कर पाई और फिर भी केजरीवाल चुनाव से ठीक पहले पुजारियों और ग्रंथियों को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने सवाल किया कि पिछले 10 सालों में पुजारियों और ग्रंथियों को कोई मानदेय क्यों नहीं दिया गया। अब चुनाव के समय वह उन्हें ‘धोखे’ से मानदेय देने का वादा कर रहे हैं।