आईएसएल : मोहन बागान ने पेश किया शानदार खेल का नजारा
मोहन बागान सुपर जायंट ने शानदार खेल का नजारा पेश करते हुए गुरुवार को अपने घरेलू मैदान विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के मैच में हैदराबाद एफसी को 3-0 से हराया।

मोहन बागान में हैदराबाद एफसी के सर्बियाई सेंटर-बैक स्टेफान सापिक के नौवें मिनट में किए गए आत्मघाती गोल से शुरुआती बढ़त मिली।
इसके बाद उसकी तरफ से स्कॉटलैंड के सेंटर-बैक टॉम एल्ड्रेड ने 41वें और ऑस्ट्रेलियाई फॉरवर्ड जैसन कमिंग्स ने 51वें मिनट में गोल किए। लेफ्ट-विंगर लिस्टन कोलासो को एक गोल में मदद करने और बाएं छोर पर शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मोहन बागान 14 मैचों में 10 जीत, दो ड्रॉ और दो हार से 32 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर है। हैदराबाद एफसी 14 मैचों में दो जीत, दो ड्रॉ और 10 हार से आठ अंक लेकर तालिका में 12वें स्थान पर है।