Trending

Weather Update: कोहरे की वजह से दो दर्जन ट्रेने प्रभावित, जानिए मौसम का पूरा हाल

बीएस राय: उत्तर प्रदेश के साथ ही राजधानी दिल्ली में भी कोहरे का असर देखा जा रहा है। मंगलवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई और 25 ट्रेनें देरी से चलीं। शहर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, “सुबह 5 से 5.30 बजे के बीच पालम में 11-13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाओं के साथ घने कोहरे में न्यूनतम दृश्यता 150 मीटर दर्ज की गई, जो धीरे-धीरे सुधरकर 8.30 बजे तक 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी हवाओं के साथ हल्के कोहरे में 700 मीटर हो गई।”

सफदरजंग में न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर रही। एक अधिकारी ने बताया कि कोहरे के कारण सुबह 6 बजे तक कुल 25 ट्रेनें देरी से चलीं। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान सोमवार के 9.6 डिग्री सेल्सियस से मामूली बढ़कर 10.5 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है।

सुबह 8.30 बजे आर्द्रता का स्तर 92 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने दिन में बहुत घना कोहरा छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 303 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा।

0 से 50 के बीच के एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ तथा 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।