Trending

…तो चैंपियंस ट्रॉफी की जर्सी पर भारत नहीं लिखेगा पाकिस्तान का नाम

आईसीसी इवेंट में आप उस देश का नाम लिखी हुई जर्सी पहनेंगे, जो टूर्नामेंट का मेजबान है। टी20 वर्ल्ड कप 2021 की मेजबान बीसीसीआई थी, लेकिन टूर्नामेंट यूएई में हुआ था।

साभार : गूगल

उस समय भी हर किसी की जर्सी पर टूर्नामेंट के लोगो के साथ इंडिया का नाम लिखा था। हालांकि, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले कुछ रिपोर्ट्स आ रही हैं कि भारतीय टीम ऐसा नहीं करेगी। भारत पाकिस्तान का नाम अपनी जर्सी से हटा देगी। इन रिपोर्ट्स पर अब आईसीसी की प्रतिक्रिया आई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आईसीसी अधिकारी ने कहा है, “टूर्नामेंट का लोगो अपनी जर्सी पर लगाना हर टीम की जिम्मेदारी है। सभी टीमों को इस नियम का पालन करना अनिवार्य है।” शीर्ष बोर्ड ने कथित तौर पर यह भी कहा कि यदि खिलाड़ियों की किट पर मेजबान देश पाकिस्तान के नाम के साथ चैंपियंस ट्रॉफी का लोगो नहीं पाया गया तो भारतीय टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

एशिया कप 2023 के दौरान भारतीय टीम बिना पाकिस्तान लिखी हुई जर्सी पहन चुकी है, लेकिन क्या इस बार भी ऐसा ही होगा, ये देखना दिलचस्प होगा। आईसीसी नियमों के अनुसार, टीमों को अपनी जर्सी पर मेजबान टीम का नाम लिखना होता है, चाहे मैच कहीं भी हो।

भारत के केस में 2021 के टूर्नामेंट में ऐसा हो चुका है, जहां टूर्नामेंट यूएई में हुआ था, लेकिन मेजबान भारतीय बोर्ड था। एक रिपोर्ट में कहा गया था कि बीसीसीआई टीम की जर्सी पर पाकिस्तान लिखवाने के लिए इच्छुक नहीं है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कथित तौर पर भारतीय बोर्ड से ऐसी कोई सूचना मिलने से इनकार किया है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर बीसीसीआई या पीसीबी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।