चैंपियंस ट्रॉफी : भारत मानेगा आईसीसी की ड्रेस से जुड़ी गाइडलाइन
भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आईसीसी द्वारा ‘पोशाक संबंधी सभी दिशानिर्देशों’ का पालन करेगी। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को एक समाचार एजेंसी से इस जानकारी को साझा करते हुए उन अटकलों को खारिज किया कि बोर्ड ने टीम की आधिकारिक जर्सी पर पाकिस्तान का नाम लिखने पर आपत्ति जताई थी।

चैंपियंस ट्रॉफी 19 फरवरी से पाकिस्तान में खेली जाएगी। भारत ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान जाने से इन्कार कर दिया था और वह अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा।
सैकिया ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान बीसीसीआई पोशाक से जुड़े आईसीसी के हर नियम का पालन करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अन्य टीमें ‘लोगो’ और पोशाक से जुड़े नियमों के संबंध में जो भी करेंगी, हम उसका पूरी तरह से पालन करेंगे।’’
सैकिया ने यह नहीं बताया कि भारतीय कप्तान रोहित शर्मा कप्तान के संवाददाता सम्मेलन और आधिकारिक फोटो शूट सहित आईसीसी के टूर्नामेंट पूर्व कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए पाकिस्तान जायेंगे या नहीं। उन्होंने कहा, ‘‘रोहित शर्मा आईसीसी मीडिया कार्यक्रमों के लिए पाकिस्तान जाएंगे या नहीं, यह अभी भी तय नहीं है।’’