Trending

मुल्तान टेस्ट में वेस्टइंडीज की जीत, पाकिस्तान को 120 रन से हराया

पिछले तीन टेस्ट मैच पाकिस्तान की टीम अपनी सरजमीं पर स्पिन फ्रेंडली विकेट बनाकर जीत गई, लेकिन लगातार चौथे टेस्ट मैच में पाकिस्तान की ये चाल कारगर नहीं रही। पाकिस्तान की टीम एक बार फिर से स्पिन फ्रेंडली विकेट बनाकर अपने ही चंगुल में फंस गई।

@windiescricket

एक तरह से कहा जा सकता है कि वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को उसी के हथियार से मार गिराया। मुल्तान टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने 120 रनों से जीती और 34 साल के बाद पाकिस्तान में टेस्ट मैच जीतने का सपना पूरा किया। इस तरह यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है, क्योंकि पाकिस्तान ने इस सीरीज का पहला टेस्ट मैच बड़े अंतर से जीता था।

इस मुकाबले की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। हालांकि, टीम 163 रन पर ही ढेर हो गई थी। 55 रन गुडाकेश मोती ने बनाए थे, जबकि जोमेल वॉरिकन ने 36 रनों की पारी खेली थी। इसी के दम पर टीम एक सम्मानजनक स्कोर तक इस स्पिन फ्रेंडली विकेट पर पहुंच पाई थी। ऐसे में माना जा रहा था कि पाकिस्तान की टीम 250 के आसपास का स्कोर बनाकर वेस्टइंडीज पर दबाव बना सकती है।

हालांकि, पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 154 रन पर ही ढेर हो गई। कई बल्लेबाजों को शुरुआत मिली, लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। मोहम्मद रिजवान ने जरूर 49 रन बनाए, जबकि सऊद शकील ने 32 रनों की पारी खेली। इस तरह टीम पहली पारी में 9 रनों से पीछे रह गई। नोमान अली ने पहली पारी में 6 विकेट निकाले थे, जबकि वेस्टइंडीज के लिए पहली पारी में जोमेल वॉरिकन ने 4 और गुडाकेश मोती ने 3 विकेट निकाले थे।

इसके बाद वेस्टइंडीज की टीम दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी और 244 रन बनाने में सफल हो गई। इस तरह 254 रनों का लक्ष्य पाकिस्तान को मिला, जो इस ट्रैक को देखते हुए वाकई में बड़ा था और ऐसा ही कुछ देखने को मिला। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के लिए कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने 52 रन बनाए, जबकि 35 रन तेविन इमलाच ने बनाए और 30 रन आमिर जंगू ने बनाए। पाकिस्तान के लिए साजिद खान और नोमान अली ने 4-4 विकेट निकाले।

वहीं, जब पाकिस्तान की टीम इस स्पिन फ्रेंडली विकेट पर 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी और 133 रनों पर ढेर हो गई और मुकाबला 120 रनों के अंतर से हार गई। जोमेल वॉरिकन ने 5 विकेट निकाले, जबकि केविन सिंक्लेयर ने 3 विकेट अपने नाम किए और दो विकेट गुडाकेश मोती ने चटकाए।