चौथा टी-20 आज, इंग्लैंड के लिए करो या मरो की स्थिति
पुणे में आज भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में इंग्लैंड के लिए आज का मैच करो या मरो का है। भारत ने आज का मुकाबला जीता तो इंग्लिश टीम सीरीज गंवा देगी। टीम इंडिया 5 मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है।

इस मैदान पर दोनों टीम दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2012 में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया था। टीम इंडिया की गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह लौट सकते है, वहीं बल्लेबाजी में ध्रुव जुरेल की जगह शिवम दुबे खेल सकते हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 में अब तक 27 मैच खेले गए। 15 में भारत और महज 12 में इंग्लैंड को जीत मिली। इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ आखिरी टी-20 सीरीज 2014 में जीती थी। इंग्लिश टीम अगर आज भी हार गई तो भारत के खिलाफ लगातार 5वीं टी-20 सीरीज गंवा देगी।
सीरीज में मिस्ट्री ऑफ स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। उनके नाम 3 टी-20 में 10 विकेट हैं। उन्होंने तीसरे मैच में पांच विकेट लिए थे। वहीं अभिषेक शर्मा और टीम के टॉप स्कोरर हैं। उन्होंने 3 मैच में 115 रन बनाए हैं।
इंग्लैंड के लिए सीरीज में कप्तान जोस बटलर ही बैटिंग में परफॉर्म कर सके हैं। वे सीरीज के टॉप स्कोरर हैं, उन्होंने 3 मैचों में 137 रन बनाए हैं। सीरीज में उनके नाम एक फिफ्टी है। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स टीम के टॉप विकेट टेकर हैं, उन्होंने 5 विकेट लिए हैं।
महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम की पिच स्पिन फ्रेंडली मानी जाती है। स्पिनर्स को अक्सर अच्छा टर्न मिलता है। पुणे में 2012 से 2023 तक 4 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए।
2 में पहले बैटिंग और 2 में ही पहले बॉलिंग करने वाली टीम को जीत मिली। भारत ने दो मैच गंवाए हैं, टीम को 2016 और 2023 में श्रीलंका ने हराया था। श्रीलंका ने 2023 में भारत के खिलाफ 206 रन बनाए थे, यही इस ग्राउंड पर हाईएस्ट स्कोर भी है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, ध्रुव जुरेल/शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद शमी/अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड : जोस बटलर (कप्तान), फिल सॉल्ट (विकेटकीपर), बेन डकेट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम लिविंगस्टन, जैमी ओवर्टन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद और मार्क वुड