पांचवें टी-20 में जीत, भारत का सीरीज पर कब्जा, अभिषेक शर्मा का शतक
भारतीय टीम ने पांचवें टी-20 में इंग्लैंड टीम को 150 रन से हराया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में भारत ने अभिषेक शर्मा के शतक से 9 विकेट 247 रन बनाया। जवाब में इंग्लिश टीम 97 रन पर ही सिमट गई।

इसके साथ ही मेजबान टीम ने 5 मैचों की टी-20 सीरीज को 4-1 से अपने नाम किया। संजू सैमसन (16) के जल्दी आउट होने के बाद अभिषेक और तिलक वर्मा (24) ने दूसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी निभाई।
इसके बाद अभिषेक ने अपना शतक लगाया और मध्यक्रम में शिवम दुबे ने 13 गेंदों में 30 रन की पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में इंग्लैंड से फिल सॉल्ट (55) को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया और टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
अभिषेक ने पारी के तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर की खूब धुनाई की। उन्होंने उस ओवर में 2 छक्के और एक चौका लगाया। ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सिर्फ 17 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने तिलक वर्मा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी निभाई। उन्होंने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 54 गेंदों पर 7 चौकों और 13 छक्कों से 135 रन बनाकर आउट हुए। बल्लेबाजी में शतक लगाने वाले अभिषेक ने गेंदबाजी में एक ओवर में 3 रन देते हुए 2 विकेट लिए। वह किसी एक मैच में शतक लगाने के साथ-साथ विकेट लेने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए।
भारत से सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम पर दर्ज है, जिन्होंने 35 गेंदों में श्रीलंका के खिलाफ (2017) में अपना शतक पूरा किया था। रोहित ने इंदौर में वो ऐतिहासिक पारी खेली थी।
भारतीय बल्लेबाजों में तीसरा सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड संजू सैमसन (40 गेंद बनाम बांग्लादेश, 2024) के नाम पर है। पूर्ण सदस्यीय देशों में अभिषेक से तेज शतक सिर्फ डेविड मिलर (35 गेंद बनाम बांग्लादेश) और रोहित ने लगाया है।
अभिषेक अब भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने शुभमन गिल (126 रन बनाम न्यूजीलैंड अहमदाबाद 2023) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। अभिषेक ओवरों (10.1) के हिसाब से टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक तक पहुंचने वाले सबसे तेज खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक (10.2 ओवर) को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक ने भारत से सर्वाधिक छक्के (13) का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। भारत से पारी की शुरुआत करने आए संजू सैमसन ने आर्चर की पहली गेंद पर ही छक्का लगाया। रिपोर्ट के अनुसार, सैमसन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले केवल तीसरे भारतीय बन गए हैं।
वह इस सूची में रोहित शर्मा (आदिल राशिद की गेंद पर, अहमदाबाद, 2021) और यशस्वी जायसवाल (सिकंदर रजा की गेंद पर, हरारे, 2024) के साथ शामिल हो गए हैं। सैमसन आज 7 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने शुरुआती 6 ओवर में 95/1 का स्कोर बनाया। यह पावरप्ले में भारतीय टीम का नया सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2021 में खेले गए टी-20 विश्व कप में स्कॉटलैंड और पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती 6 ओवरों के बाद क्रमशः 82/2 और 82/1 के स्कोर किए थे।
भारतीय टीम ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) ने अपने 100 रन पूरे किए थे। यह भारतीय टीम का सबसे तेज 100 रन का रिकॉर्ड बन गया है।