Trending

तीसरे वनडे में क्लीन स्वीप का इरादा रखेगी टीम इंडिया

चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारियों के मद्देनजर इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम वनडे में टीम इंडिया बुधवार को क्लीन स्वीप का इरादा रखेगी। पहले दो मैच जीत कर भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है। 19 फरवरी को चैंपियंस ट्रॉफी शुरु होने से पहले भारत के पास खुद को परखने का यह अंतिम मौका होगा।

साभार : गूगल

कप्तान रोहित शर्मा पिछले मैच में शतक जड़ कर अपनी खोई फार्म को वापस पा चुके हैं और अब हर एक की निगाहे रन मशीन विराट कोहली पर होंगी जिनके लय में आने से भारत की चैंपियंस ट्रॉफी की राहें आसान दिखने लगेंगी।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत को 2023 में खेले गये एक दिवसीय विश्वकप के फाइनल में हार मिली थी और अब उसका इरादा इस मैच में अंग्रेजों का सफाया कर अपने पुराने जख्म को पूरी तरह भुलाने का होगा।

चैंपियंस ट्रॉफी में भारत अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगा जबकि 23 फरवरी को उसका मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।

भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी से पहले कोहली की फॉर्म को लेकर चिंतित होगी। कप्तान रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे में 90 गेंद पर 119 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की जो भारत के लिए अच्छे संकेत हैं। कोहली अपने इस साथी से प्रेरणा लेकर यहां बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।